औलाद और वालिदैन के हुकूक

(हुज्जतुल इस्लाम इमाम मोहम्मद गज़ाली र.अ. की किताब मुकाशफतुल क़ुलूब से हिंदी अनुवाद)

येह बात जेह्न नशीन रखनी चाहिये कि जहां अज़ीज़ो अकारिब के हुकूक की ताकीद की गई है वहां ज़विल अरहाम को खुसूसिय्यत से जिक्र किया गया है।

फ़रमाने नबवी है कि कोई बेटा अपने बाप का हक अदा नहीं कर सकता यहां तक कि वह बाप को गुलाम पाए और फिर उसे खरीद कर आज़ाद कर दे।

फ़रमाने नबवी है कि वालिदैन से नेकी, नमाज़, रोज़ा, सदक़ा, हज, उमरह और राहे खुदा में जिहाद करने से अफ़ज़ल है।

सभी इस्लामी विषयों टॉपिक्स की लिस्ट इस पेज पर देखें – इस्लामी जानकारी-कुरआन, हदीस, किस्से हिंदी में

 

हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम का इरशाद है कि जिस शख्स ने इस हाल में सुब्ह की, कि उस के वालिदैन उस से राजी हों उस के लिये जन्नत के दरवाजे खोल दिये जाते हैं और जो इसी हालत में शाम करता है उस के लिये भी इसी तरह के दो दरवाजे खोल दिये जाते हैं, अगर वालिदैन में से एक जिन्दा हो तो एक दरवाजा खोला जाता है अगर्चे वालिदैन ज़ियादती करें, अगर्चे वोह ज़ियादती करें और जिस ने इस हाल में सुबह की, कि उस के वालिदैन उस पर नाराज़ हों तो उस के लिये जहन्नम के दो दरवाजे खुल जाते हैं और जो शाम इसी हालत में करता है उस के लिये भी जहन्नम के दो दरवाजे खुल जाते हैं, अगर वालिदैन में से एक हो तो एक दरवाजा खुलता है अगर्चे वोह ज़ियादती करें, अगर्चे वोह ज़ियादती करें, अगर्चे वोह ज़ियादती करें।

फ़रमाने नबवी है कि जन्नत की खुश्बू पांच सो साल के सफ़र की दूरी से पाई जाती है मगर वालिदैन का ना फ़रमान और क़तए रेहमी करने वाला इस खुश्बू को नहीं पाएगा।

फ़रमाने नबवी है कि अपने मां, बाप, बहन और भाई से एहसान कर, फिर करीबी पस करीबी (शख्स इस का मुस्तहिक) है।

मरवी है कि अल्लाह तआला ने मूसा अलैहहिस्सलाम  से फ़रमाया : ऐ मूसा ! जिस ने वालिदैन की फ़रमां बरदारी की और मेरी ना फ़रमानी की, मैं ने उसे नेकों में लिखा है और जो वालिदैन की ना फरमानी करता है मगर मेरा फ़रमां बरदार होता है मैं ने उसे ना फ़रमानों में लिख दिया है।

रिवायत है कि जब हज़रते या’कूब , हज़रते यूसुफ़ अलैहहिस्सलाम  के यहां तशरीफ़ लाए तो वोह उन के इस्तिक्बाल के लिये खड़े न हुवे चुनान्चे, अल्लाह तआला ने हज़रते यूसुफ़ अलैहहिस्सलाम  की तरफ़ वहयी की, कि क्या तुम अपने वालिद के लिये खड़े होने को बहुत बड़ी बात समझते हो ? मुझे अपने इज्जतो जलाल की कसम ! मैं तुम्हारे सुल्ब में से नबी पैदा नहीं करूंगा।

फरमाने नबवी है कि जब कोई शख्स अपने मुसलमान वालिदैन की तरफ से सदका करता है तो उस के वालिदैन को उस का अज्र मिलता है और उन के अज्र में कमी किये बिगैर उस आदमी को भी उन के बराबर अज्र मिलता है।

हज़रते मालिक बिन रबीआ रज़ीअल्लाहो अन्हो से मरवी है कि हम रसूलुल्लाह सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम के साथ बैठे हुवे थे कि बनू सलमह के एक आदमी ने आ कर अर्ज़ की : या रसूलल्लाह ! कोई ऐसी नेकी है जो मैं अपने वालिदैन के लिये उन की वफ़ात के बाद करूं? आप ने फ़रमाया : हां ! उन के लिये दुआ करो, बख्शिश तलब करो, उन के किये हुवे वा’दों को पूरा करो, उन के दोस्तों की इज्जत करो और उन के रिश्तेदारों से सिलए रेहमी करो।

फरमाने नबवी है की सब से बड़ी नेकी येह है कि इन्सान अपने बाप की वफ़ात के बाद उस के दोस्तों से हुस्ने

सुलूक करे ।

मजीद इरशाद हुवा कि बेटे का मां से नेकी करना दोहरा अज्र रखता है।एक और इरशाद है कि मां की दुआ जल्द क़बूल होती है, पूछा गया : या रसूलल्लाह ! सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम ऐसा क्यूं है ? आप ने फ़रमाया : इस लिये कि मां, बाप से ज़ियादा मेहरबान होती है और रहम की दुआ कभी जाएअ नहीं होती।

एक शख्स ने हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम से सुवाल किया कि मैं किस से नेकी करूं ? आप ने फ़रमाया : अपने वालिदैन से नेकी कर, उस ने अर्ज की : या रसूलल्लाह ! मेरे वालिदैन नहीं है, आप ने फ़रमाया : अपनी औलाद से नेकी कर क्यूंकि जिस तरह वालिदैन का तुझ पर हक़ है इसी तरह औलाद भी तुझ पर हक़ है।

नबिय्ये करीम सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम का फ़रमान है कि अल्लाह तआला उस बाप पर रहम फ़रमाए जिस ने अपने बेटे से नेकी में तआवुन किया (उसे नेक अमल पर उभारा) और अमले बद की सूरत में अदाएगिये हुकूक का बार इस पर नहीं है।

हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम फ़रमाते हैं कि औलाद को अतिय्यात में बराबर का शरीक करो।

और येह भी कहा गया है कि तेरे लिये तेरा बेटा गुले नाज़ बू है, सात बरस तक वोह तेरा खादिम है, उस की खुश्बू सूंघ, फिर वोह तेरा शरीक है या तेरा दुश्मन है।

बच्चे का अकीका सातवें रोज किया जाना चाहिये

हज़रते अनस रज़ीअल्लाहो अन्हो से मरवी है कि हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम ने फ़रमाया कि सातवें दिन बच्चे का अक़ीक़ा किया जाए, उस का नाम रखा जाए और उस के बाल वगैरा दूर किये जाएं और जब वोह छे साल का हो तो बाप उसे अदब सिखाए, जब वोह नव साल का हो तो उस का बिछौना अलाहिदा कर दे, जब तेरह बरस का हो तो उसे नमाज़ के लिये मारे और जब वोह सोलह साल का हो तो बाप उस की शादी कर दे, फिर आप ने हज़रते अनस रज़ीअल्लाहो अन्हो का हाथ पकड़ कर फ़रमाया कि मैं ने तुझे अदब सिखाया, ता’लीम दी और तेरी शादी कर दी, मैं दुन्या के फ़ितने और आख़िरत के अज़ाब से तेरे लिये अल्लाह की पनाह चाहता हूं।

नबिय्ये अकरम सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम का इरशाद है कि बाप पर औलाद  का येह हक़ है कि वोह उन्हें बेहतरीन अदब सिखाए और उन के उम्दा नाम रखे ।

एक और फ़रमान है कि हर लड़का और लड़की अक़ीके से गिरवी है, सातवें दिन इन के लिये कोई जानवर ज़ब्ह किया जाए और इस का सर मुन्डा जाए।

एक आदमी ने हज़रते अब्दुल्लाह बिन मुबारक रज़ीअल्लाहो अन्हो के सामने अपने किसी लड़के की शिकायत की, आप ने फ़रमाया : क्या तुम ने उस पर बद दुआ की है ? उस ने कहा : हां ! आप ने फ़रमाया : तू ने उसे बरबाद कर दिया है, औलाद के साथ नेक सुलूक और नर्मी करनी चाहिये।

हज़रते अकरअ बिन हाबिस रज़ीअल्लाहो अन्हो ने हुजूर को अपने नवासे हज़रते हसन रज़ीअल्लाहो अन्हो को चूमते हुवे देखा तो कहा कि मेरे दस बेटे हैं मगर मैं ने कभी किसी को नहीं चूमा, हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम ने फ़रमाया : बेशक जो रहम नहीं करता उस पर रहम नहीं किया जाता ।

हज़रते आइशा रज़ीअल्लाहो अन्हा  से मरवी है कि एक दिन हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम ने मुझ से फ़रमाया कि उसामा का मुंह धो डालो, मैं ने कराहत से उस का मुंह धोना शुरू किया तो हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम ने मेरे हाथ पर हाथ मारा और उसामा को पकड़ कर उन का मुंह धोया फिर उसे चूमा ।

हज़रते हसन रज़ीअल्लाहो अन्हो (कमसिनी में) लड़ खड़ाते हुवे मस्जिद में दाखिल हुवे और हुजूर रज़ीअल्लाहो अन्हो मिम्बर पर तशरीफ़ फ़रमा थे, आप ने मिम्बर से उतर कर उन्हें उठाया और येह आयए मुबारका तिलावत फ़रमाई :

सिवाए उस के नहीं कि तुम्हारे माल और औलाद

फितना हैं। हज़रते अब्दुल्लाह बिन शद्दाद रज़ीअल्लाहो अन्हो से मरवी है कि हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम लोगों को नमाज़ पढ़ा रहे थे कि अचानक हज़रते इमामे हुसैन रज़ीअल्लाहो अन्हो सजदे की हालत में आप की गर्दन पर सुवार हो गए, आप ने सजदा तवील कर दिया, लोगों ने समझा शायद कोई बात हो गई है, जब आप ने नमाज़ पूरी कर ली तो सहाबा ने अर्ज की : या रसूलल्लाह ! आप ने बहुत तवील सजदा किया, यहां तक कि हम समझे कोई बात वाकेअ हो गई है, आप ने फ़रमाया : मेरा बेटा मुझ पर सुवार हो गया तो मैं ने जल्दी करना मुनासिब न समझा ताकि वोह अपनी खुशी (हाजत) पूरी कर ले ।

इस हदीस में कई फ़वाइद हैं, एक येह कि जब तक आदमी सजदे में रहता है उसे अल्लाह तआला का कुर्ब हासिल रहता है । इस हदीस से औलाद से नर्मी और भलाई और उम्मत की तालीम, सब बातें साबित होती हैं।

हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम का इरशाद है कि औलाद की खुश्बू जन्नत की खुश्बू है।

-इमाम मोहम्मद गज़ाली र.अ., किताब मुकाशफतुल क़ुलूब

 

Tags

maa baap ka darja, maa baap ke haq, maa baap ke bare me hadees, maa baap, bachche ka hakika, bachche ka aqiqa, waliden ke bare me hadees

 

 

 

वालिदैन से हुस्ने सुलूक अच्छा बर्ताव

‘सहीहैन’ में हज़रते अब्दुल्लाह बिन मसऊद रज़ीअल्लाहो अन्हो  से मरवी है : मैंने रसूले अकरम सल्लल्लाहो अलैह व सल्लमसे पूछा : अल्लाह तआला को कौन सा अमल ज़ियादा महबूब है ? फ़रमाया : नमाज़ को उस के वक्त पर अदा करना, मैं ने कहा : इस के बा’द ! आप ने फ़रमाया : वालिदैन से हुस्ने सुलूक, मैं ने पूछा : फिर कौन सा अमल महबूब है ? आप ने फ़रमाया : जिहाद फ़ी सबीलिल्लाह ।

‘मुस्लिम’ की रिवायत है : आप ने फ़रमाया : “बेटा बाप का हक़ अदा नहीं कर सकता यहां तक कि वोह बाप को गुलाम पाए और उसे खरीद कर आज़ाद कर दे”। (जब भी वोह हक्के अबुव्वत अदा नहीं कर सकता)

‘मुस्लिम’ की रिवायत है : एक शख्स ने आप की खिदमत में हाज़िर हो कर अर्ज किया : मैं आप के हाथ पर अल्लाह की रिज़ाजूई में हिजरत और जिहाद की बैअत करता हूं, आप ने पूछा : तेरे वालिदैन में से कोई जिन्दा है ? अर्ज की : दोनों ज़िन्दा हैं, आप ने फ़रमाया : जा और वालिदैन की खिदमत कर !

अबू या’ला और तबरानी की रिवायत है : एक आदमी आप की खिदमत में आया और कहा : मैं जिहाद की तमन्ना रखता हूं मगर चन्द मजबूरियों की बिना पर मा’जूर हूं। आप ने फ़रमाया : तुम्हारे वालिदैन में से कोई जिन्दा है ? अर्ज की : मेरी मां जिन्दा है। आप ने फ़रमाया : अल्लाह से तौफ़ीक़ मांग कर मां से हुस्ने सुलूक करता रह, तुझे हज, उमरह और जिहाद फ़ी सबीलिल्लाह का सवाब मिलेगा ।

 

सभी इस्लामी विषयों टॉपिक्स की लिस्ट इस पेज पर देखें –  इस्लामी जानकारी-कुरआन, हदीस, किस्से हिंदी में

 

तबरानी में है एक आदमी ने जिहाद की तमन्ना ज़ाहिर की तो आप ने पूछा : तेरी मां ज़िन्दा है? उस ने कहा : मेरी मां जिन्दा है, आप ने फ़रमाया : मां के कदमों को पकड़, जन्नत पा लेगा।

इब्ने माजा की रिवायत है : रसूलुल्लाह सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम से दरयाफ्त किया गया कि औलाद पर वालिदैन के क्या हुकक हैं ? आप ने फरमाया : वो तेरी जन्नत और जहन्नम हैं।

इब्ने माजा, निसाई और हाकिम की रिवायत है : एक आदमी ने आप की खिदमत में हाज़िर हो कर अर्ज की : मेरा जिहाद करने का इरादा है, आप से मश्वरा लेने आया हूं। आप ने फ़रमाया : तेरी मां जिन्दा है ? अर्ज की : हां या रसूलल्लाह सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम ! आप ने फ़रमाया : मां से हुस्ने सुलूक कर, जन्नत मां के क़दमों के पास है।

एक रिवायत में है कि आप ने पूछा : तेरे वालिदैन हैं ? उस ने कहा : हां । आप ने फ़रमाया : उन की ख़िदमत कर, जन्नत उन के क़दमों में है।

 

माँ बाप का दर्जा हदीसे पाक की रौशनी में

तिर्मिज़ी में है : हज़रते अबुद्दरदा रज़ीअल्लाहो अन्हो  से एक शख्स ने आ कर कहा : मेरी मां मुझे बीवी को तलाक देने का कहती है, आप ने फ़रमाया : मैं ने हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम से सुना है : आप ने फ़रमाया : वालिदैन जन्नत का दरमियानी दरवाज़ा है, चाहे तो इसे जाएअ कर दे और चाहे तो इस की हिफ़ाज़त कर ।

इब्ने हब्बान की रिवायत है : एक आदमी ने हज़रते अबुद्दरदा रज़ीअल्लाहो अन्हो  से शिकायत की, कि मेरा बाप पहले तो मुझे शादी करने को कहता रहा और अब कहता है कि अपनी बीवी को तलाक़ दे दो, आप ने फ़रमाया : न मैं तुझे वालिदैन की नाफरमानी के लिये कहता हूं और न ही बीवी को तलाक देने के लिये कहता हूं, मैं तुम्हें हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम से सुनी हुई हदीस सुनाता हूं, हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम ने फ़रमाया : “बाप जन्नत का दरमियानी दरवाज़ा है, तेरी मरज़ी है, इस की हिफ़ाज़त कर या इसे छोड़ दे।

सुनने अरबआ, इब्ने हब्बान और तिर्मिज़ी ने कहा : येह हदीस हसने सहीह है, हज़रते अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ीअल्लाहो अन्हो  कहते हैं : मेरे निकाह में एक औरत थी जिसे मैं बहुत पसन्द

करता था मगर मेरा बाप उसे अच्छा नहीं समझता था, मेरे बाप ने कहा : उसे तलाक दे दो तो मैं ने इन्कार कर दिया, मेरे बाप ने हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम की ख़िदमत में जा कर वाकिआ सुनाया तो हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम ने मुझ से फ़रमाया कि बीवी को तलाक दे दो।

मुस्नदे अहमद में रिवायत है कि जो दराज़िये उम्र और फराखिये रिज्क की तमन्ना रखता हो वोह वालिदैन के साथ हुस्ने सुलूक करे और सिलए रहमी करे ।

अबू या’ला और हाकिम की रिवायत है : आप ने फ़रमाया : जिस ने वालिदैन से हुस्ने सुलूक किया उसे मुबारक हो कि अल्लाह तआला ने उस की उम्र बढ़ा दी।

इब्ने माजा, इब्ने हब्बान और हाकिम की रिवायत है : आप ने फ़रमाया : आदमी गुनाहों के सबब रिज़क से महरूम हो जाता है, दुआ तक़दीर को लौटा देती है और हुस्ने खुल्क उम्र को दराज़ी अता करता है।

तिर्मिज़ी की एक रिवायत है : दुआ क़ज़ा को लौटा देती है और हुस्ने सुलूक उम्र को दराज़ कर देता है।

हाकिम की रिवायत है : दूसरे लोगों की औरतों से दरगुज़र करो, तुम्हारी औरतों से दरगुज़र किया जाएगा, अपने वालिदैन से हुस्ने सुलूक करो तुम्हारी औलाद तुम से हुस्ने सुलूक करेगी।

तबरानी की रिवायत है : अपने वालिदैन से हुस्ने सुलूक करो, तुम्हारी औलाद तुम से हुस्ने सुलूक करेगी और तुम दरगुज़र करो तुम्हारी औरतें भी दरगुज़र करेंगी।

मुस्लिम शरीफ़ की रिवायत है : हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम ने फ़रमाया : उस की नाक गुबार आलूद हो, उस की नाक गुबार आलूद हो, उस की नाक गुबार आलूद हो, अर्ज किया गया : किस की या रसूलल्लाह ! आप ने फ़रमाया : जिस ने वालिदैन को या किसी एक को बुढ़ापे में पाया और जन्नत में न गया या उन्हों ने इसे जन्नत में दाखिल न किया । (वालिदैन को हुस्ने सुलूक से राज़ी न किया)

तबरानी की हदीस है : हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम एक मरतबा मिम्बर पर तशरीफ़ फ़रमा हुवे और फ़रमाया : “आमीन आमीन आमीन”, फिर फ़रमाया : जिब्रील आए और उन्हों ने अर्ज की : या रसूलल्लाह ! जिस ने अपने वालिदैन में से किसी एक को पाया और उस से हुस्ने सुलूक न किया और मर गया तो वोह जहन्नम में गया, अल्लाह उसे दूर करे, आप आमीन कहें ! तो मैं ने आमीन कही, फिर जिबील ने अर्ज की : या रसूलल्लाह ! जिस ने माहे रमज़ान को पाया और गुनाह बख़्शवाए बिगैर मर गया तो वोह जहन्नम में गया, अल्लाह ने उसे दूर कर दिया, आप आमीन कहें ! तो मैं ने आमीन कही, फिर जिब्रील ने अर्ज की : या रसूलल्लाह ! जिस शख्स के सामने आप का ज़िक्र हुवा और उस ने आप पर दुरूद न भेजा और मर गया तो वोह जहन्नम में गया, अल्लाह ने उसे अपनी रहमत से दूर कर दिया, कहिये ! आमीन, तो मैं ने आमीन कही।

इब्ने हब्बान की रिवायत के अल्फ़ाज़ हैं : जिस ने अपने मां-बाप या उन में से किसी एक को पाया और उन से हुस्ने सुलूक न किया और वोह मर गया तो जहन्नम में गया, अल्लाह उसे अपनी रहमत से दूर करे, मैं ने आमीन कही।

हाकिम वगैरा की रिवायत के आखिर में है कि वोह रहमत से दूर हो गया जिस ने अपने वालिदैन या उन में से किसी एक को बुढ़ापे की हालत में पाया और उन्हों ने उसे जन्नत में नहीं पहुंचाया, मैं ने आमीन कही।

तबरानी की एक रिवायत यह है कि जिस ने अपने वालिदैन या उन में से किसी एक को पाया और उन से हुस्ने सुलूक न किया वो अल्लाह की रहमत से दूर हुवा और गज़बे ख़ुदा का मुस्तहिक बना, मैं ने आमीन कही।

अहमद की रिवायत है, जिस ने किसी गुलाम मुसलमान को आज़ाद किया, वोह जहन्नम से आजाद हो गया और जिस ने अपने वालिदैन में से किसी एक को पाया फिर भी उस की बख्शिश न हुई, अल्लाह उसे रहमत से दूर कर दे ।

‘सहीहैन’ की रिवायत है कि हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम से दरयाप्त किया गया : या रसूलल्लाह ! लोगों में कौन महब्बत करने के ज़ियादा लाइक़ है? आप ने फ़रमाया : मां ! पूछा : फिर कौन ? फ़रमाया : मां ! पूछा गया : फिर कौन ? फ़रमाया : मां ! जब चौथी बार पूछा गया : तो आप ने फ़रमाया : बाप !

सहीहैन में हज़रते अस्मा बिन्ते अबी बक्र रज़ीअल्लाहो अन्हो  से मरवी है कि हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम के अहदे मुबारक में मेरी मुशरिका मां मेरे पास आई तो मैं ने रसूलुल्लाह सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम से अर्ज किया कि मेरी बे दीन मां आई है ! मैं इस से क्या सुलूक करूं ? आप ने फ़रमाया : हुस्ने सुलूक करो ।

इब्ने हब्बान और हाकिम की रिवायत है : आप ने फ़रमाया : अल्लाह की रिजा वालिद की रिज़ा में है या वालिदैन की रिज़ा में है और अल्लाह की नाराजी वालिद या वालिदैन की नाराज़ी में है।

तबरानी की एक रिवायत है : वालिद या वालिदैन की इताअत में अल्लाह की इताअत है और वालिद या वालिदैन की ना फ़रमानी में अल्लाह की ना फ़रमानी है।

बज्जाज़ की एक रिवायत है, आप ने फ़रमाया : वालिदैन की रिज़ा में रब की रिज़ा है और वालिदैन की नाराज़ी में अल्लाह की नाराज़ी है।

तिर्मिज़ी, इब्ने हब्बान और हाकिम से मरवी है कि एक शख्स ने हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम से अर्ज की, कि मैं ने बहुत बड़ा गुनाह किया है, मेरे लिये तौबा है ? आप ने फ़रमाया : तेरी मां है ? अर्ज की : नहीं ! फिर आप ने फ़रमाया : तेरी ख़ाला है ? अर्ज की : हां ! फ़रमाया : जाओ ! और खाला से हुस्ने सुलूक करो !

अबू दावूद और इब्ने माजा में मरवी है कि एक शख्स ने पूछा : या रसूलल्लाह ! वालिदैन की मौत के बाद इन से नेकी करने की कोई सूरत है ? आप ने फ़रमाया : इन के लिये दुआए मगफिरत करो, इन के वा’दों को पूरा करो, इन के रिश्तेदारों से तअल्लुक रखो और इन के दोस्तों की इज्जत करो।

इब्ने हब्बान की रिवायत में इतना इज़ाफ़ा है कि उस जवान ने कहा : येह कितनी उम्दा और जामेअ बात है, आप ने फ़रमाया : जाओ और इस पर अमल करो।

इमामे मुस्लिम से रिवायत है कि हज़रते अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ीअल्लाहो अन्हो  मक्का की तरफ जा रहे थे, रास्ते में उन्हें बदवी मिला, आप ने उसे अपने गधे पर सवार किया और अपनी पगड़ी उतार कर उसे दे दी। इब्ने दीनार ने कहा : अल्लाह तआला आप पर रहम करे येह बदवी लोग तो मा’मूली सी अता से खुश हो जाते हैं, आप ने फ़रमाया : इस का बाप मेरे बाप का दोस्त था और मैं ने रसूलुल्लाह सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम से सुना है कि आप ने फ़रमाया : बेहतरीन नेकी बेटे का अपने बाप के दोस्तों को अज़ीज़ रखना है ।

सहीह इब्ने हब्बान में हज़रते अबू बुरदा रज़ीअल्लाहो अन्हो  से मरवी है कि मैं मदीने में आया तो अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ीअल्लाहो अन्हो  मेरे यहां तशरीफ़ लाए और फ़रमाया : जानते हो मैं तुम्हारे पास क्यूं आया हूं? मैं ने कहा : नहीं। उन्हों ने फ़रमाया : मैं ने हुजूर सल्लल्लाहो अलैह व सल्लम को फ़रमाते हुवे सुना है कि जो शख्स कब्र में सोए हुवे बाप से नेकी चाहता है वोह उस के दोस्तों से हुस्ने सुलूक करे, मेरे बाप उमर रज़ीअल्लाहो अन्हो  और तुम्हारे बाप में भाईचारा था मैं इस लिये हाज़िर हुवा हूं। ।

 

एक ग़ार में बंद तीन नौजवानो का किस्सा

सहीहैन और दूसरी कुतुबे अहादीस में मरवी है कि अगले वक्तों में तीन आदमी तलाशे मुआश के लिये सफ़र में निकले, रास्ते में उन्हें बारिश ने आ लिया और वोह भाग कर एक गार में छुप गए, अचानक एक चट्टान लुढ़क कर गार के मुंह पर आ कर रुक गई और गार का मुंह बन्द हो गया, उन्हों ने आपस में येह तै किया कि हर एक अपने अच्छे आ माल को याद कर के दुआ मांगे ताकि येह चट्टान हट जाए, एक और रिवायत के लफ़्ज़ येह हैं : उन्हों ने एक दूसरे से कहा : ज़रा सोचो और कोई ऐसा अमल याद करो जो तुम ने अल्लाह की रिज़ाजूई में किया हो और उस अमल को वास्ता बना कर इस चट्टान से नजात की दुआ मांगो, एक और रिवायत के अल्फ़ाज़ हैं : चट्टान गिरने की वज्ह से गार का निशान मिट गया,

 

अल्लाह तआला के सिवा कोई नहीं जानता हम कहां हैं, अल्लाह तआला से अपने बेहतरीन अमल को सामने रखते हुवे दुआ करें, तब उन में से एक ने कहा : इलाहल आलमीन ! मेरे वालिदैन बूढ़े थे, मैं उन से पहले शाम को किसी बच्चे को दूध नहीं पिलाया करता था। एक मरतबा ऐसा इत्तिफ़ाक़ हुवा, मैं किसी काम से चला गया, जब मैं वापस आया तो वोह सो चुके थे, मैं ने दूध दोहा और सारी रात दूध ले कर सिरहाने खड़ा रहा यहां तक कि सुब्ह हो गई और मेरे बच्चे सारी रात भूके सोते रहे, ऐ रब्बे जुल जलाल ! मैं ने येह सब कुछ तेरी रज़ाजूई के लिये किया था, अब तू येह चट्टान हम से हटा दे इस दुआ के बाद चट्टान इतनी हट गई कि सूरज की रोशनी अन्दर आने लगी।।)

एक रिवायत के अल्फ़ाज़ हैं : मेरे छोटे बच्चे थे, मैं जब बकरियां चरा कर वापस आता तो दूध दोह कर पहले वालिदैन को पिलाता फिर बच्चों को देता । एक मरतबा मुझे ज़रूरी काम के लिये जाना हुवा, वापसी उस वक्त हुई जब मेरे वालिदैन सो चुके थे, मैं ने हस्बे मा’मूल दूध निकाला और ले कर वालिदैन के सिरहाने खड़ा हो गया और बच्चे मेरे क़दमों में पड़े दूध तलब करते रहे मगर मैं ने वालिदैन को दूध पिलाए बिगैर इन्हें दूध देना मुनासिब न समझा यहां तक कि सुब्ह हो गई। ऐ अल्लाह ! अगर मेरा येह अमल तेरी रज़ाजूई में था तो इस चट्टान को हटा दे कि हम आस्मान को देख सकें। चट्टान इतनी हट गई कि उन्हें आस्मान नज़र आने लगा। दूसरे ने चचाज़ाद बहन से ज़िना से बाज़ रहने का जिक्र किया और तीसरे ने मजदूर की उजरत की अमानत दारी का ज़िक्र किया यहां तक कि चट्टान मुकम्मल तौर पर हट गई और वोह बाहर निकल गए।

 

-इमाम मोहम्मद गज़ाली र.अ., किताब मुकाशफतुल क़ुलूब

 

Tags

Waliden hadees, maa baap ka darja, maa baap se achcha suluk, maa baap hadees, maa baap ka darja,

(हुज्जतुल इस्लाम इमाम मोहम्मद गज़ाली र.अ. की किताब मुकाशफतुल क़ुलूब से हिंदी अनुवाद)

 

 

 

Net In Hindi.com